Wednesday, October 21, 2026
उत्तराखंड

मौसम विभाग ने तीन जुलाई तक प्रदेश के इन जनपदों में भारी बारिश का यलो अलर्ट किया जारी

देहरादून: राजधानी देहरादून सहित नैनीताल, टिहरी, पौड़ी, चमोली और बागेश्वर में अगले चार दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। इन जनपदों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ ही गरज-चमक के साथ बिजली चमक सकती है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया, तीन जुलाई तक प्रदेश के इन जनपदों में भारी बारिश के आसार हैं।

साथ ही पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बिजली चमकने और हवा के साथ तीव्र से अति तीव्र बौछार पड़ सकती है। वहीं, आज देहरादून में बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम वर्षा, गर्जन के साथ बौछार के एक-दो दौर हो सकते हैं। कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना है। दून का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 31 व 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।