Sunday, September 8, 2024
राजनीती

लखनऊ दौरे पर आज बीएल संतोष, चुनाव में हारी हुई सीटों की करेंगे समीक्षा

लोकसभा चुनाव में यूपी में सीटे कम होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष पहली बार आज लखनऊ दौरे पर आ रहे है। अपने दौरे में वह न केवल सरकार और संगठन की काम की जानकारी लेंगे, बल्कि हारी सीटों की समीक्षा भी करेंगे। वह संगठन के पदाधिकारी के साथ सरकार के मंत्रियों से भी बात करेंगे। उपचुनाव के लिए भी रणनीति तैयार की जाएगी। उनके आगमन को लेकर सभी तैयारियां कर ली गई है। उनकी सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए है।

स्पेशल टीम द्वारा दी गई रिपोर्ट पर होगी चर्चा

भाजपा लोकसभा चुनाव में यूपी में 33 सीटें आने के बाद सभी लोकसभा सीटों पर स्पेशल टीम भेज कर अपनी रिपोर्ट तैयार करवा चुकी है। यह रिपोर्ट केंद्रीय मुख्यालय को भेजी जा चुकी है। इस रिपोर्ट के केंद्रीय मुख्यालय पहुंचने के बाद पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर कोई पदाधिकारी भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर आ रहा है। आज इस रिपोर्ट पर भी चर्चा की जाएगी। बैठक में 14 जुलाई को पहली बार होने के जा रही विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की भी रूपरेखा भी बनेगी। इस कार्यसमिति की बैठक में पहली बार बीजेपी के संगठन की दृष्टि से बने 1918 मंडलों के मंडल अध्यक्ष बुलाए गए हैं।

इन विषयों पर चर्चा होगी?

बता दें कि इस कार्यसमिति में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। समिति में किन विषयों पर चर्चा होगी, कितने सत्र रहेंगे? इसकी पूरी रूपरेखा बनेगी। लोकसभा चुनाव में दलितों-पिछड़ों के वोट क्यों कम मिले? कैसे उसे फिर से अपना बनाया जा सकता है। कैसे बीजेपी मिशन 2027 पर काम करे, इसका रोड मैप तय होगा?

संगठन के पदाधिकारियों और मंत्रियों से बात करेंगे बीएल संतोष

बीएल संतोष आज भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर पहुंचेंगे। इस दौरान वह हारी हुई सीटों और वोट शेयर कम होने को लेकर एक-एक सीट की पड़ताल करेंगे। इस पर बात करने के लिए क्षेत्रीय अध्यक्षों के साथ क्षेत्रीय प्रभारियों और प्रदेश पदाधिकारियों को बुलाया गया है। बीएल संतोष सरकार के मंत्रियों से भी बात करेंगे। दरअसल, यूपी सरकार में शामिल 16 मंत्री अपना ही क्षेत्र नहीं जिता सके थे। बीएल संतोष आज उनसे बात करेंगे। अपने दौरे में न केवल सरकार और संगठन के काम की थाह लेंगे साथ ही लोकसभा चुनाव में जिन सीटों पर हार हुई है, उनकी समीक्षा भी करेंगे।