Tuesday, February 17, 2026
उत्तराखंडराष्ट्रीय

सिक्किम में हुआ बड़ा सड़क हादसा, सेना के 16 जवान हुए शहीद

सिक्किम: सिक्किम में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के 16 जवान शहीद हो गए है। सेना के अधिकारी के मुताबिक घटना जेमा, उत्तरी सिक्किम में हुई। दुर्घटनाग्रस्त वाहन तीन वाहनों के काफिले का हिस्सा था, जो चटन से सुबह थंगू की ओर बढ़ा था।

पीआरओ डिफेंस लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत के मुताबिक, जेमा के रास्ते में वाहन एक तीखे मोड़ पर एक खड़ी ढलान पर फिसल गया। एक बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया और चार घायल सैनिकों को हवाई मार्ग से निकाला जा रहा है। इसमें दुर्भाग्य से तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों और 13 सैनिकों ने दुर्घटना में लगी चोटों के कारण दम तोड़ दिया। इस दुख की घड़ी में भारतीय सेना शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।

घटना पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि उत्तरी सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना के कारण भारतीय सेना के जवानों की जान जाने का गहरा दुख है। राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए हृदय से आभारी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *