Sunday, October 25, 2026
उत्तराखंड

जीओ-एयरटेल को टक्कर देंगे अडानी, टेलीकॉम सर्विस के लिए मिला लाइसेंस

नई दिल्ली: अडानी डेटा नेटवर्क्स लिमिटेड (एडीएनएल) Adani Data Networks Limited (ADNL) को पहुंच प्रदान करने वाली सेवाओं के लिए एकीकृत लाइसेंस प्रदान किया गया है। इस लाइसेंस के जरिए कंपनी देश में हर तरह की टेलीकॉम सर्विसेज दे सकती है। इस लाइसेंस के मिलने के बाद कंपनी भविष्य अपनी 5जी सेवाओं को विस्तार दे सकती है। अडानी की एंट्री से जियो, एयरटेल के अलावा वोडाफोन-आइडिया जैसी कंपनियों के सामने नई चुनौती होगी।

इस संबंध में एक आधिकारिक सूत्र ने कहा कि अडानी डेटा नेटवर्क्स को यूएल (एएस) लाइसेंस मिल गया है। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि यह लाइसेंस सोमवार को जारी किया गया। हालांकि इस संबंध में अडानी समूह की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

बता दें कि अडानी समूह ने हाल में हुई नीलामी में स्पेक्ट्रम खरीदकर देश के दूरसंचार क्षेत्र में प्रवेश किया था। उस समय कंपनी ने कहा था कि वह इस स्पेक्ट्रम का इस्तेमाल समूह के भीतर की कारोबारी गतिविधियों के लिए करेगी। एडीएनएल ने हाल में हुई 5जी स्पेक्ट्रम नीलामी में 20 वर्षों के लिए 212 करोड़ रुपये में 400 मेगाहर्ट्ज का स्पेक्ट्रम खरीदा था।