Wednesday, October 21, 2026
उत्तराखंड

काशीपुर के मिस्सरवाला गांव में बारिश से दो मकान हुए क्षतिग्रस्त, मलबे के नीचे दबने से पति- पत्नी की मौत

काशीपुर: ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर के मिस्सरवाला गांव में बारिश से तड़के दो मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस दौरान घर में सो रहे दंपति की मलबे की नीचे दबने से मौत हो गई, जबकि बच्ची घायल हो गई। राहत और बचाव टीम ने मलवे में दबे शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी है। मिस्सरवाला गांव में बारिश से तड़के दो मकान क्षतिग्रस्त होने से नसीर अहमद शाह (65) और उनकी पत्नी मोहमदी (60) की दबकर मौत हो गई। जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं शांतिपुरी नंबर दो में मंदिर की दीवार गिरने से फील्ड के पास लगा हुआ ओपन जिम पूरा क्षतिग्रस्त हो गया। मौसम विभाग ने नौ से 12 जुलाई तक प्रदेशभर के सभी जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया, नौ से 12 जुलाई तक मैदानी और पर्वतीय इलाकों के कुछ जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बारिश के आसार हैं।