Tuesday, October 27, 2026
मनोरंजन

सलमान खान के किसी का भाई किसी की जान का प्लॉट हुआ लीक, ऐसी होगी फिल्म

सलमान खान की फिल्म किसी का भाई किसी की जान काफी समय से चर्चा में है। सलमान के प्रशंसक इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। खासकर, फिल्म से सलमान का लुक सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों की बेसब्री और बढ़ गई। अब तक रिलीज हुए फिल्म के गानों को भी अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। फिल्म को लेकर तरह-तरह की बातें सामने आती रहती हैं। अब फिल्म के प्लॉट के बारे में नई जानकारी सामने आई है।

रिपोर्ट के अनुसार फिल्म के प्लॉट का खुलासा हो गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म उत्तर भारत और दक्षिण भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में दोनों ही क्षेत्रों के आधुनिक और पारंपरिक रंगों को दिखाया जाएगा। फिल्म 4 भाइयों की कहानी है, जिनमें सलमान का किरदार सबसे बड़ा भाई है। यह किरदार अपने परिवार को सुरक्षित रखने के साथ ही समाज को अपराध मुक्त बनाने के लिए समर्पित है।

फिल्म का रोमांटिक गाना नइयो लगदा प्रशंसकों ने काफी पसंद किया है, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि फिल्म में सलमान का किरदार प्यार में विश्वास नहीं करता है। इसी कारण उसके भाई उसके पास एक ऐसी लडक़ी को भेज देते हैं, जो उसके पुराने प्यार के जैसी लगती है। इसके बाद किरदारों के बारे में दिलचस्प खुलासे होते हैं और ऐसी घटनाएं होती हैं कि फिल्म भारत के अलग-अलग हिस्सों में ले चलती है।

फिल्म अपनी स्टारकास्ट के कारण चर्चा में है। फिल्म में सलमान के साथ अभिनेत्री पूजा हेगड़े नजर आएंगी। बिग बॉस फेम शहनाज गिल इस फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं। अब्दु रोजिक के भी इस फिल्म में होने की चर्चा है। यह अभिनेत्री श्वेता तिवारी की बेटी पलक तिवारी की भी डेब्यू फिल्म है। फिल्म में भूमिका चावला और भाग्यश्री के होने की भी चर्चा है। टीवी अभिनेता सिद्धार्थ निगम भी इस फिल्म का हिस्सा हैं।

फिल्म बार-बार हो रहे बदलावों के कारण भी चर्चा में रही। इस फिल्म की शुरुआत कभी ईद कभी दिवाली नाम से हुई थी। इसके बाद इसे भाइजान नाम से बुलाया गया। आखिर में निर्माताओं ने ‘किसी का भाई किसी की जान नाम’ से इसकी आधिकारिक घोषणा की। फिल्म में पहले अरशद वारसी और श्रेयस तलपड़े थे। इनको आयुष शर्मा और जहीर इकबाल ने रिप्लेस किया। बाद में इन अभिनेताओं ने भी फिल्म छोड़ दी। फिल्म 21 अप्रैल को रिलीज होगी।