Saturday, October 10, 2026
Featuredउत्तराखंड

नानकमत्ता साहिब में सीएम धामी ने थामी झाड़ू: सेवा संकल्प अभियान के तहत किया श्रमदान, बोले— “स्वच्छता को बनाएं जीवनशैली”

गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब परिसर में की साफ-सफाई; कहा— धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक परिसरों की पवित्रता बनाए रखना हर नागरिक का सामूहिक दायित्व

देहरादून/नानकमत्ता। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सोमवार को ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब परिसर में सेवा, समर्पण और स्वच्छता का अनूठा संदेश गूंजा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नानकमत्ता पहुंचकर स्वच्छता अभियान में स्वयं झाड़ू थामी और श्रमदान किया। उन्होंने परिसर की सफाई कर प्रदेशवासियों को स्वच्छता को अपनी दिनचर्या और दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

स्वच्छता अभियान से पूर्व मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में माथा टेककर राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री को पारंपरिक ‘सरोपा’ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

“स्वच्छता को औपचारिक कार्यक्रम नहीं, जीवनशैली बनाएं”

श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता और सार्वजनिक परिसरों की साफ-सफाई केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सबका सामूहिक दायित्व है।

“उत्तराखंड देश-दुनिया की आस्था और पर्यटन का प्रमुख केंद्र है, जहां रोजाना देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। धार्मिक स्थलों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अस्पतालों जैसे सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखना बेहद आवश्यक है। स्वच्छता कोई एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। जब यह जनआंदोलन का रूप लेगी, तभी इसके स्थायी और व्यापक परिणाम सामने आएंगे।”

— पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी के विजन को आगे बढ़ा रहा है ‘सेवा संकल्प अभियान’

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश भर में सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी की संस्कृति को नई ऊर्जा मिली है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से उत्तराखंड में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा, संवाद और स्वच्छता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नानकमत्ता साहिब में श्रमदान कर जन-जन तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाया गया है।

गरिमामायी उपस्थिति

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार जोगेंद्र सिंह, महासचिव सरदार अमरजीत सिंह बोपराय, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।