Sunday, September 8, 2024
उत्तराखंड

जून में जल रहा उत्तराखंड, जयपुर से ज्यादा गर्म हो गया हल्द्वानी…

देश के कई शहरों में तापमान इस समय रिकॉर्ड स्तर पर है। हल्द्वानी में भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है। भीषण गर्मी में दिन का तापमान बढ़ने के साथ रातें भी उमस भरी हैं। बुधवार को हल्द्वानी का तापमान रिकॉर्ड 43.4 डिग्री पहुंच गया। इससे पहले हल्द्वानी का सर्वाधिक तापमान 23 जून 2009 को 43.5 डिग्री था। यह गुलाबी शहर जयपुर में 42 डिग्री से अधिक है जबकि दिल्ली, चंड़ीगढ़ का तापमान इससे थोड़ा ही ज्यादा है।

बुधवार को देश के प्रमुख शहरों का तापमान 45 डिग्री के पार रहा। हल्द्वानी में भी बढ़े हुए तापमान के बीच उमस और चिलचिलाती धूप में लोग दिन के समय बाहर निकलने से कतराते दिखे। इसका असर बाजारों में भी दिखाई दिया। यहां व्यापारियों को ग्राहकों का शाम होने तक इंतजार करना पड़ रहा है। जून महीने में इससे पहले इतनी गर्मी 15 साल पहले 2009 में पड़ी थी। पंतनगर कृषि विवि के मौसम जानकार डॉ. आरके सिंह ने बताया कि जून में 2009 के बाद अभी तक सर्वाधिक गर्म दिन है। फिलहाल 16 जून तक तेज गर्मी रहेगी जिससे तापमान में बढ़ोत्तरी रहेगी।

हल्द्वानी में मौसम का हाल

  • अधिकतम- 43.4
  • न्यूनतम- 23.4
  • आद्रता- 20 प्रतिशत
  • हवा- 8.3 किमी प्रति घंटा पश्चिम दिशा।

अन्य पांच बड़े शहरों का तापमान

  • नई दिल्ली- 44
  • चंडीगढ़- 44
  • जयपुर – 42
  • राजस्थान – 46
  • मुंबई – 32